मन मगन
रागिनी उठ कर गगन तक
उर्मि बन कर झिलमिलाई।
गीत कितने ही मधुर से
हिय नगर से उठ रहे हैं
साज बजते कर्ण प्रिय जो
मधु सरस ही लुट रहे हैं
नाच उठता मन मयूरा
दूर सौरभ लहलहाई।।
आज कैसी ये लगन है
पाँव झाँझर से बजे हैं
उड़ रहा है खग बना मन
हर दिशा तारक सजे है
लो पवन भी गुनगुनाकर
कुछ महक कर सरसराई।।
कुनकुनी सी धूप मीठी
वर्तुलों में कौमुदी सी
ढल रही है साँझ श्यामा
ज्यों हरित हो ईंगुदी सी
तान वीणा की मचलकर
गीतमय हो मुस्कुराई।।
कुसुम कोठारी 'प्रज्ञा'






